नवाबगंज (बरेली)। फाइनेंसरों ने डाउन पेमेंट जमा कराकर ग्रामीणों को कई बाइक बेच दीं। फर्जी तरीके से बाइकों पर 70 से 80 हजार रुपये का लोन खुद निकाल लिया। एसएसपी के व्हाट्सएप हेल्पलाइन पर शिकायत और साक्ष्य मिले तो पीड़ितों ने तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसएसपी की व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर पर सूचना मिली कि सतनाम ऑटो सेल्स और श्रीराम फाइनेंस कंपनी के एरिया मैनेजर शिव सिंह यादव निवासी मिर्जापुर थाना भोजीपुरा, महेंद्र पाल निवासी कमुआ थाना भोजीपुरा, चंद्रभान गंगवार ने ग्रामीण सूरजपाल व भूपराम समेत अन्य लोगों को बाइक बेची थीं। उनसे 10 से 30 हजार रुपये तक डाउन पेमेंट जमा कराया और बाकी रुपये फाइनेंस करने की बात कही। बताया कि प्रति बाइक 70 से 85 हजार रुपये तक का लोन इन फाइनेंसर ने खुद उनके वाहनों के नाम पर निकालकर रख लिया। उनके सहमति पत्र फर्जी तरीके से स्वयं या किसी अन्य व्यक्ति से हस्ताक्षर करवाकर फाइनेंस होने की प्रक्रिया की औपचारिकता पूरी कर दी गई।
इन मोटर साइकिलों पर 80-85 हजार फाइनेंस करा दिया गया। पीड़ितों ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना नवाबगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस कोतवाल राजकुमार शर्मा ने बताया कि कूट रचित तरीके से बाइकों पर फाइनेंस कराकर ग्रामीणों के साथ धोखाधडी की गई है। रिपोर्ट लिखकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।