एक मिस्त्री को ट्रैक्टर समेत पकड़कर पुलिस को सौंपा
बरेली। रामपुर बाग में स्मार्ट सिटी की टाइल्स चोरी कर रहे मिस्त्री मुश्ताक को मजदूर और ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत कोतवाली पुलिस को सौंपा गया है। इस प्रोजेक्ट का काम देख रही कंपनी देव कंस्ट्रक्शन के प्रोजेक्ट मैनेजर अगस्त कुमार ने उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अगस्त कुमार ने बताया कि शहर में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत पुरानी टाइल्स निकालकर नई लगाई जा रही हैं। पुरानी टाइल्स को रामपुर बाग में ही स्मार्ट सिटी कार्यालय के पास इकट्ठा किया जा रहा है। जिन्हें बाद में नगर निगम को सौंपना है मगर पिछले कुछ दिनों से लगातार टाइल्स चोरी हो रही थीं। शक होने पर उन्होंने अपने कुछ कर्मचारियों को निगरानी पर लगा दिया। 19 जुलाई की रात एक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मुश्ताक मिस्त्री और कुछ मजदूर वहां पहुंचे। वे लोग उन टाइल्स को भरकर ले जाने लगे। कर्मचारियों ने रोकने की कोशिश की तो आरोपी विवाद करने लगे। इस पर उन लोगों ने पुलिस को बुलाकर मुश्ताक समेत कुछ मजदूरों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। बाकी आरोपी भाग निकले। पुलिस ने उनका ट्रैक्टर भी कब्जे में ले लिया है।