कांग्रेस के दो पदाधिकारी आपस में कर रहे हैं बात
बरेली। कांग्रेस के दो पदाधिकारियों की बातचीत का बृहस्पतिवार को ऑडियो वायरल हुआ है, इसमें वे विधानसभा के लिए आवेदन शुल्क 55 सौ रुपये होने पर आपत्ति जताते हुए चर्चा कर रहे हैं। आधा घंटे से ज्यादा के इस ऑडियो को लेकर कांग्रेसियों में दिन भर चर्चा होती रही लेकिन स्थानीय संगठन ने इस पर चुप्पी साध ली है।
ऑडियो में दोनों व्यक्ति खुद को सुनील मनचंदा और जकीर भाई कहकर संबोधित कर रहे हैं। उनका कहना है कि विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों से आवेदन करने के लिए 55 सौ रुपये शुल्क मांगा जा रहा है, लेकिन ऊपर से इसके कोई निर्देश नहीं हैं। पुराने लोगों को दरकिनार कर पार्टी में शामिल होने वाले नए लोगों को ज्यादा तरजीह दी जा रही है। इसमें हाल ही कांग्रेस में शामिल हुए नेता का बार-बार नाम भी लिया जा रहा है। यहां तक कहा गया है कि उसका नाम विधानसभा टिकट के लिए आवेदन करने वालों की सूची में ऊपर रखा गया है। ऐसे ही तमाम मुद्दों को लेकर ऑडियो में दोनों ने लंबी बातचीत की गई। इस बातचीत के दौरान उन लोगों ने यह भी कहा है कि वे लोग अपने टिकट के लिए दिल्ली-लखनऊ तक जाएंगे। ऑडियो में कांग्रेस में टिकट की दावेदारी कर रहे कई स्थानीय नेताओं के नाम भी लिए गए हैं।
दिन भर रही हलचल, नहीं उठे नेताओं के फोन
यह ऑडियो वायरल होने के बाद बृहस्पतिवार को कांग्रेसियों में दिनभर हलचल मची रही है। इस संबंध में जानकारी के लिए जिलाध्यक्ष अशफाक सकलैनी को फोन किया लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। व्हाट्सएप पर मेसेज का भी उन्होंने देर रात तक कोई जवाब नहीं दिया। इसी तरह महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला ने भी फोन नहीं उठाया और मेसेज का भी जवाब नहीं दिया। जिला प्रवक्ता राज शर्मा का भी फोन नहीं उठा। जिलासचिव जियाउर्रहमान का फोन स्विच ऑफ था।