राजपुर कलां-अलीगंज। सांप्रदायिक हिंसा के लिए विवादित गांव खैलम के एक घर से छह देसी बम बरामद होने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने घर के मालिक को गिरफ्तार कर इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पीएसी का बम निरोधक दस्ता शनिवार को इनका परीक्षण करेगा।
थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव खेलम निवासी खान सिंह मौर्य के घर में दूसरी मंजिल के बंद कमरे में शुक्रवार दोपहर पुलिस ने दबिश दी। पुलिस को वहां कट्टे में रखे छह देसी बम मिले। अलीगंज थाना प्रभारी उदयवीर सिंह और एसआई रामस्वरूप की टीम ने खान सिंह को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को थाने लाया गया तो उसने बताया कि वह अपने दूसरे मकान में परिवार के साथ रहता है। बताया कि उसके इस मकान में ताला पड़ा रहता है और कमरों में भूसा भरा रहता है। किसी ने उसे फ़ंसाने की कोशिश की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसपी देहात डॉ. संसार सिंह ने बताया कि फिलहाल बम बरामदगी की रिपोर्ट लिखी है। सुबह बम निरोधक दस्ते से इन्हें नष्ट कराया जाएगा। पुलिस जांच करेगी कि सच्चाई क्या है।