नगर आयुक्त ने जांच और कार्रवाई का दिया भरोसा
बरेली। हिंद टाकीज के पीछे स्थित कार बाजार से कई दुकानदारों ने अतिक्रमण प्रभारी पर अतिक्रमण हटाओ अभियान में भेदभाव और अवैध वसूली का आरोप लगाया है। मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे नगर निगम कार्यालय में कई दुकानदार पहुंचे। कर निर्धारण अधिकारी एवं अतिक्रमण प्रभारी राजवीर सिंह का घेराव कर आरोप लगाए।
पार्षद राजेश अग्रवाल के साथ दुकानदारों ने नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य से मुलाकात की। उन्हें बताया कि बटलर प्लाजा के सामने अतिक्रमण करने वालों से अवैध वसूली होती है। वहां कोई कार्रवाई नहीं हो रही। इसके विपरीत छोटे-छोटे दुकानदारों पर कार्रवाई की जा रही है। पार्षद ने अतिक्रमण प्रभारी राजवीर सिंह और राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद सिंह का नाम लेकर आरोप लगाए। अतिक्रमण प्रभारी राजवीर सिंह और सच्चिदानंद सिंह ने कहा कि आरोप तभी लगते है जब सही और प्रभावी कार्रवाई हो जाए। आरोपों पर नगर आयुक्त ने जांच एवं कार्रवाई का आश्वासन दिया। नगर आयुक्त से मिलने के बाद पार्षद राजेश अग्रवाल और दुकानदार कुशराज सिंह ने कहा कि इस मामले में कोतवाली में तहरीर भी दी गई है। पूर्व पार्षद गुरु प्रसाद काले, दिनेश यादव, सूरज यादव श्याम सुंदर बाल्मीकि और डाॅ. सीपी आर्या आदि मौजूद रहे। ब्यूरो