अब तक बरेली एयरपोर्ट पर फ्लाइटों की लेटलतीफी पर हंगामा हो रहा था। रविवार को घटिया खाद्य पदार्थ बेचने पर हुआ। एक यात्री ने बच्चे के लिए कोल्ड कॉफी खरीदी तो पाया कि उस पर एक्सपायरी, मैन्युफैक्चरिंग डेट और कीमत दर्शाने वाला टैग खुरच दिया गया है। इस पर यात्री और दुकानदार के बीच जमकर नोंकझोंक हुई। यात्री की शिकायत पर एयरपोर्ट प्रशासन ने दुकान को सील कर दिया।
यात्री गौरव के मुताबिक रविवार को वह दिल्ली की फ्लाइट पकड़ने के लिए बरेली एयरपोर्ट पहुंचे थे। एयरपोर्ट स्थित दुकान से उन्होंने कोल्ड कॉफी खरीदी जो मिस प्रिंट थी। इस पर एक्सपायरी, मैन्युफैक्चरिंग डेट और मूल्य आदि खुरचे हुए थे। दुकान पर एक्सपायर खाद्य पदार्थ बेचने की आशंका जताते हुए उन्होंने दुकान के वेंडर आदित्य, मीनाक्षी और दुकान मालिक संजय कुमार के खिलाफ एयरपोर्ट प्रशासन से लिखित शिकायत की।
एयरपोर्ट प्रशासन ने उनके शिकायती पत्र पर जेई शिवम को जांच सौंपी। शिवम ने एयरपोर्ट टर्मिनल मैनेजर सुधीर कुमार को प्रकरण की जानकारी दी जिसके बाद उन्होंने पुष्ट तस्वीरों और शिकायत के आधार पर दुकान सील करा दी। टर्मिनल मैनेजर के मुताबिक शॉप का ठेका लखनऊ से होता है जिसके लिए मानक के अनुसार खाद्य सामग्री बेचने की अनिवार्य शर्त है। प्रथमदृष्टया इसका उल्लंघन पाए जाने पर दुकान सील करा दी गई। इसके साथ उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर भी कार्रवाई की संस्तुति की गई है। बताते हैं कि दुकान का ठेका निरस्त करने के साथ ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट किया जा सकता है।