बदमाश के पैर में लगी गोली, पुलिस के मुताबिक गन्ने के खेत में हुई मुठभेड़
फतेहगंज पूर्वी। पांच दिन पूर्व शिवपुरी गांव में हुई लूट में शामिल पंखिया गैंग के तीसरे बदमाश को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि गन्ने के खेत में हुई मुठभेड़ के बाद उसकी गिरफ्तारी की गई है, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और लूट के 800 रुपये बरामद हुए हैं।
शिवपुरी गांव में 21 सितंबर की रात सूर्य प्रताप के घर घुसे तीन बदमाशों ने उनकी पत्नी ज्योति और बेटे अर्पित को गोली मारकर घायल कर दिया था। यहां से भागने के दौरान पुलिस ने गबरू नाम के बदमाश को पकड़ लिया था। इसके बाद उसका दूसरा साथी भी पकड़ा गया था। पुलिस के मुताबिक रविवार रात सूचना मिली कि इस घटना में शामिल पंखिया गैंग का तीसरा बदमाश शाहजहांपुर में गढ़िया रंगीन निवासी अनवार उर्फ अनवारुल पंखाखेड़ा के पास गन्ने के खेत में छिपा है। पुलिस टीम ने पहुंचकर घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। दोनों ओर से फायरिंग के बाद अनवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पैर में गोली लगी थी। अनवार पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और शाहजहांपुर जिले के विभिन्न थानों में डकैती, लूट समेत दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। बताया जाता है कि यह गैंग यूपी के अलावा मध्य प्रदेश, बिहार तक डकैती की वारदातें करता रहा है।
15 दिन पहले ही छूटा था जेल
पुलिस के मुताबिक अनवार एक पुराने मुकदमे के मामले में शाहजहांपुर जेल में बंद था और 15 दिन पहले ही जमानत पर छूटा था। इसके बाद उसने साथियों को इकट्ठा करके यह वारदात कर दी।