बरेली। विश्वविद्यालय व एडेड कॉलेजों में संचालित स्ववित्त पोषित पाठ्यक्रमों के लिए सख्ती शुरू की गई है। इसके तहत अब प्रत्येक स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रम के लिए अलग बैंक खाता अनिवार्य अनिवार्य किया गया है। सभी एडेड कॉलेजों व विश्वविद्यालय से रिपोर्ट भी मांगी गई है।
स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में प्रवेश, पाठ्यक्रम परीक्षा, मूल्यांकन, व अन्य क्रियाकलाप के लिए विश्वविद्यालयों को नियमों का पालन करना होगा। अलग बैंक खाता होने के साथ ही ऑडिट भी कराना आवश्यक है। स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों को संचालित करने के लिए शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की भर्ती नियमानुसार हो रही है या नहीं, यह भी देखा जाएगा।
क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी प्रो. सुधीर कुमार ने बताया कि ये नियम पुराने हैं, लेकिन इन्हें नए सिरे से लागू करने के लिए दोबारा से कॉलेजों व विश्वविद्यालयों को पत्र पहुंच चुका है।