फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बदायूं: व्यापारी को एसडीएम ने मारे थप्पड़, कैमरे में कैद हुआ घटनाक्रम; अधिकारी को मुख्यालय से किया गया संबद्ध

Thu, 21 Sep 2023 08:51 PM IST
आकाश दुबे संवाद न्यूज एजेंसी, बिल्सी (बदायूं)

सार

व्यापारी का आरोप है कि  एसडीएम ने उसकी बात न सुनकर गाली देते हुए उस पर थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए। व्यापारी का कहना है कि एसडीएम उसे घसीटते हुए अपनी गाड़ी में बैठाकर तहसील ले गये। तहसील ले जाकर उसे छोड़ दिया और जब वह घर जाने लगा तब उसे फिर पकड़कर पीटा।
विज्ञापन
व्यापारी को पीटते एसडीएम का वीडियो वायरल - फोटो : वीडियो ग्रैब
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिल्सी में सीमेंट व्यापारी की दुकान पर गए एसडीएम ने किसी बात पर व्यापारी पर जमकर थप्पड़ बरसाए। पूरा घटनाक्रम दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। गुरुवार को व्यापारी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद एसडीएम को बिल्सी से हटाकर जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया, साथ ही मामले की जांच एडीएम एफआर को दी गई है। 

विज्ञापन

मोहल्ला संख्या छह निवासी सीमेंट व्यापारी मोहित वार्ष्णेय पुत्र पन्नालाल का कहना है कि बीती बुधवार की रात करीब साढ़े आठ बजे वह बाईपास मार्ग स्थित अपने प्रतिष्ठान के काउंटर पर बैठकर कैश का मिलान कर रहा था। इसी दौरान एसडीएम बिल्सी जीत सिंह राय अपने अर्दली और दो होमगार्ड के साथ वहां आए और उससे बदरपुर की गाड़ी के बारे मे पूछताछ करने लगे। उसने अपने प्रतिष्ठान पर हाल ही में कोई गाड़ी न उतरने की बात कहते हुए सीसीटीवी फुटेज दिखाने को कहा। 

आरोप है कि इस पर एसडीएम ने उसकी बात न सुनकर गाली देते हुए उस पर थप्पड़ बरसाने शुरू कर दिए। व्यापारी का कहना है कि एसडीएम उसे घसीटते हुए अपनी गाड़ी में बैठाकर तहसील ले गये। तहसील ले जाकर उसे छोड़ दिया और जब वह घर जाने लगा तब उसे फिर पकड़कर पीटा। इस कारण उसे काफी चोट आई।

दुकान में हुआ पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में भी कैद हो गया। शाम को व्यापारी ने थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की। मामला अधिकारियों के संज्ञान में आने पर एसडीएम को बिल्सी से हटाकर जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया, साथ ही मामले की जांच एडीएम एफआर को सौंपी गई है। व्यापारी के साथ हुई इस घटना से अन्य व्यापारियों में भी काफी रोष है। 

बदरपुर के ओवरलोड वाहन को लेकर चेकिंग करने के लिए बिल्सी बाईपास मार्ग स्थित एक दुकान पर गए थे। पूछताछ करने पर व्यापारी ने स्टाफ के साथ अभद्रता करनी शुरू कर दी, जिसके बीच-बचाव में एक-दो हाथ व्यापारी के लग गया होगा। -जीत सिंह राय, एसडीएम बिल्सी
विज्ञापन

मामला संज्ञान में आने और वीडियो देखने के बाद एसडीएम बिल्सी को वहां से हटाकर जिला मुख्यालय संबद्ध कर दिया गया है। इस मामले की जांच एडीएम एफआर राकेश पटेल को सौंपी गई है। -विजय कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें