सराफा व्यापारी विनय महाजन का फाइल फोटो।
- फोटो : BAHERI
बहेड़ी। सराफ और भाजपा कार्यकर्ता विनय महाजन की बुधवार रात उनके घर में ही रहस्यमय ढंग से गला दबाकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक छानबीन के बाद पुलिस का अनुमान है कि कातिल विनय के साथ ही उनके घर में घुसा और उनकी हत्या करके निकल गया। जाते समय साढ़े चार लाख कैश और लाखों के जेवरात भी ले गया। छोटे भाई मनोज कुमार बृहस्पतिवार को रिपोर्ट दर्ज कराई।
विनय महाजन मोहल्ला रामलीला में स्थित घर में अकेले ही रहते थे। छोटे भाई मनोज के मुताबिक बताया कि तीन भाइयों में वह सबसे छोटे हैं और शाहजहांपुर के कस्बा तिलहर में द मदर टेरेसा स्कूल में प्रिंसिपल हैं। उनके भाई विनय महाजन और राकेश बहेड़ी के मोहल्ला रामलीला में अलग-अलग मकानों में रहते हैं। 40 वर्षीय विनय अविवाहित थे और सराफा कारोबार के साथ जेवर भी गिरवी रखते थे। बुधवार रात साढ़े 12 बजे के बाद विनय के पड़ोसी रिंकू रस्तोगी ने उन्हें उनके घर का दरवाजा खुला होने की सूचना दी। बताया कि आवाज देने पर भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिल रहा है।
इसके बाद उन्होंने विनय को फोन किया तो वह स्विच ऑफ मिला। उन्होंने मंझले भाई राकेश को फोन कर विनय के घर भेजा। वहां बैठक में ही विनय का शव पड़ा था। गला घोंटे जाने का निशान साफ दिख रहा था। आलमारी का ताला भी टूटा हुआ था और उसमें रखे 4.30 लाख रुपये और लाखों के जेवरात गायब थे। राकेश के शोर मचाने पर भीड़ जमा हो गई। कुछ देर बाद सीओ अजय गौतम और बहेड़ी थाने की पुलिस भी पहुंच गई। जांच के बाद शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया। मनोज की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।