कहासुनी के दौरान मार दी थी गोली, इलाज के दौरान हुई थी मौत
बरेली। संजयनगर में गोली मारकर विक्की यादव की हत्या करने के आरोपी रोहन ठाकुर को गिरफ्तार कर बारादरी पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बता दें कि 22 अगस्त की रात संजयनगर निवासी विक्की यादव अपनी पत्नी राखी को लेकर ससुराल से लौट रहे थे। रात करीब आठ बजे चंदू यादव, रोहन ठाकुर, बहादुर और दलेल सिंह समेत मोहल्ले के कुछ लोगों से रास्ते से हटने को लेकर विवाद हो गया। इस पर आरोपियों ने विक्की को घेरकर मारपीट और फायरिंग शुरू कर दी। बीचबचाव में पहुंचे विक्की के परिवार वालों को भी हमला करके घायल कर दिया। पेट में गोली लगने से घायल विक्की को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस दलेल सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मंगलवार को पुलिस ने एक अन्य आरोपी रोहन ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर नीरज मलिक ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्दी ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।