बरेली। आरटीओ कार्यालय को परसाखेड़ा स्थित नए भवन में शिफ्ट करने का काम रविवार को शुरू हो गया। अगले दो दिन यह काम जारी रहेगा। इस दौरान ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी कार्यों को छोड़कर वाहनों से संबंधित सभी सेवाएं सोमवार और मंगलवार को स्थगित रहेंगी।
आरटीओ कार्यालय अब तक शाहजहांपुर रोड स्थित नकटिया के पास एक किराये के भवन में चल रहा है। परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने शुक्रवार को परसाखेड़ा में ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक के पास आरटीओ कार्यालय के नए अत्याधुनिक भवन का लोकार्पण किया था। दो मंजिला इस भवन में परिवहन विभाग से संबंधित सभी सेवाएं एक छत के नीचे मिलेंगी।
आरटीओ प्रशासन पंकज सिंह ने बताया कि नवनिर्मित भवन में कार्यालय का सुचारु संचालन करने के लिए वर्तमान कार्यालय से नए भवन में अभिलेखों, फर्नीचर, कम्प्यूटर व अन्य जरूरी सामान की शिफ्टिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। 25 नवंबर से कार्यालय नए भवन में शुरू हो जाएगा। इससे पहले 23 व 24 नवंबर को सेवाएं स्थगित रहेंगी।