शाहजहांपुर। रोडवेज बस अड्डे के पास और इंदिरा नगर कॉलोनी में स्थित रेलवे क्रॉसिंग की सड़क को खोदकर डालकर दिया गया है। इससे राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इनके साथ ही पार्थिव शरीर को मोक्षधाम तक ले जाना भी मुश्किल हो गया है।
रेलवे ट्रैक की मरम्मत के लिए 18 जनवरी को इंदिरा नगर में गेट नंबर 321 व रोडवेज बस अड्डा के पास गेट नंबर 323 पर मरम्मत के लिए रेलवे ट्रैक को उखाड़ा गया था। रेलवे ट्रैक के किनारे इंटरलॉकिंग ईंटेें उखाड़कर क्रॉसिंग के सामने ही लगा दिया गया। इससे रेलवे क्रॉसिंग से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का करना पड़ रहा है। रोडवेज बस स्टैंड पर जाने के लिए कई बार रेलवे क्रॉसिंग को पार करने के चक्कर में लोग चोटिल भी हो चुके हैं।
शुक्रवार को सुबह कुछ लोगों ने इस समस्या को लेकर शिकायत दर्ज कराने के लिए गेटमैन से शिकायत पुस्तिका मांगी। जिसे गेटमैन ने देने से मना कर दिया। इसको लेकर काफी देर तक गेटमैन और लोगों में नोकझोंक होती रही।
इंदिरा नगर स्थित रेलवे क्रॉसिंग की सड़क को भी खोदकर छोड़ने की वजह से सबसे ज्यादा समस्या लालपुल स्थित मोक्षधाम पर अंतेष्टि के लिए आने वाले पार्थिव शरीर को लेकर जाने में होती है। मृतक के परिजन को रेलवे क्रॉसिंग बंद होने पर वापस लौटना पड़ता है और दूसरे मार्ग से पार्थिव शरीर को मोक्षधाम ले जाते हैं।