बरेली। पूर्व पार्षद इरशाद के घर में किराये पर रह रहे खतीब अली के साथ उसके भाई नदीम ने मारपीट और फायरिंग की। इस मामले में नदीम, उसके दोस्त अनीस और अज्ञात के खिलाफ थाना बारादरी में जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बारादरी के फाइक एन्क्लेव में पूर्व पार्षद इरशाद के मकान में खतीब अली करीब एक साल से किराये पर रहते हैं। खतीब अली ने पुलिस को बताया कि शनिवार देर रात वह नवाबगंज निवासी दोस्त तस्लीम के साथ अपने कमरे में लेटे हुए थे। इसी बीच उनका भाई नदीम अली अपने दोस्त अनीस और दो अन्य साथियों को लेकर वहां घुस आया। खतीब का आरोप है कि नदीम ने वहां आते ही उनसे गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। बीच बचाव करने पर उनके दोस्त तस्लीम को भी पीटा गया। फिर नदीम से तमंचा निकालकर उन पर फायर कर लिया लेकिन वह बाल-बाल बच गए। फायर की आवाज और शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। इसके बाद वह घायल अवस्था में थाने पहुंचे तो पुलिस ने मेडिकल कराकर नदीम, उसके दोस्त अनीस और दो अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की है।