बरेली। इंडियन सर्टिफिकेट ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (आईसीएसई) की 10वीं सेमेस्टर-2 की परीक्षाएं सोमवार से जारी हैं। दो मई को गणित की परीक्षा है। गणित की परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए शिक्षकों ने सांख्यिकी यानी स्टेटिस्टिक्स, प्रोबेबिलिटी और ज्योमेट्री पर ज्यादा ध्यान देने को कहा है।
आईसीएसई 10वीं की गणित परीक्षा का प्रश्न पत्र दो भागों में आएगा। पहले भाग में एक-एक अंक के दस प्रश्न होंगे। वहीं दूसरे भाग में पांच प्रश्न होंगे, जिसमें से विद्यार्थियों को तीन का उत्तर देना होगा।
शिक्षक शरद कुमार ने कहा है कि विद्यार्थी कतई तनाव न लें। दो टर्म में परीक्षा होने की वजह से सिलेबस आधा बंट गया है। बच्चे बड़ी ही आसानी से समय रहते परीक्षा को पूरा कर सकते हैं। उन्होंने सर्वाधिक महत्व सारे फॉर्मूलों पर देने को कहा है। उनको अनुसार विद्यार्थी पहले भाग के लिए पिछले साल के सवालों को पढ़ सकते हैं।
पेपर समय से पूरा करने के लिए उन्होंने प्रश्न पत्र के पैटर्न के अनुसार ही उत्तर देने की सलाह दी है। 90 मिनट के पेपर में विद्यार्थियों को दोनों भागों में समय का संतुलन बनाकर चलना है। अगर प्रश्न न आए तो उसे सबसे अंत में करने से आसान सवाल छूटने से बच सकते हैं। प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए अतिरिक्त 10 मिनट में विद्यार्थी हर प्रश्न के लिए सही फॉर्मूले का चयन कर विद्यार्थी काफी समय बचा सकते हैं।
महत्वपूर्ण बातें...
1. फॉर्मूलों को अच्छे से करें याद
2. स्टेटिस्टिक्स, प्रोबेबिलिटी और ज्योमेट्री जैसे विषयों पर रखे ध्यान
3. पेपर पैटर्न के अनुसार ही दें उत्तर
4. प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए मिले अतिरिक्त 10 मिनट का तरीके से करें उपयोग
5. जिस प्रश्न को हल करने में दिक्कत हो, उसे सबसे अंत में हल करें