बरेली एयरपोर्ट पर शुरू हुआ टिकट काउंटर
बरेली। छह महीने पहले बरेली-दिल्ली हवाई यात्रा की शुरुआत के बाद अब मुंबई के लिए नियमित उड़ान के तौर पर बृहस्पतिवार से बरेली को एक और सौगात मिलने जा रही है। बुधवार को बरेली एयरपोर्ट पर इंडिगो के टिकट काउंटर भी शुरू कर दिए गए ।
मुंबई के लिए हवाई यात्रा की शुरुआत के मौके पर बरेली एयरपोर्ट पर आयोजित समारोह में प्रदेश के नागरिक उड्डयन मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी भी शामिल होंगे । केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समारोह में वर्चुअली हिस्सा लेंगे। इंडिगो एयरलाइन के साथ प्रशासन और एयरपोर्ट अथॉरिटी के अफसर बुधवार को देर शाम तक समारोह की तैयारियों में जुटे रहे। सुरक्षा कारणों से आमंत्रित लोग ही इस समारोह में हिस्सा ले पाएंगे। शनिवार को बरेली एयरपोर्ट से बंगलूरू के लिए भी हवाई यात्रा की शुरुआत होनी है। ब्यूरो