बरेली। तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश के आरोप में सात साल कैद की सजा काट रहे कैदी 82 वर्षीय अशफाक अहमद की उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजन को सौंप दिया है।
भमोरा के देवचरा में रहने वाला अशफाक उर्फ अल्लाहरक्खा कस्बे में ही कपड़े की दुकान चलाता था। कस्बे में ही रहने वाली तीन साल की बच्ची अक्सर उसकी दुकान पर आती-जाती थी। वर्ष 2010 में जब वह बच्ची अशफाक की दुकान पर पहुंची तो वह उसे बातों में फंसाकर छत पर ले गया और दुष्कर्म की कोशिश की। इस मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके जेल भेजा लेकिन कुछ दिन बाद ही वह जमानत पर बाहर आ गया। अक्तूबर 2020 में फास्ट ट्रैक कोर्ट ने उसे बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश का दोषी मानते हुए सात साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद से ही वह जिला जेल में सजा काट रहा था। जेल अधीक्षक विजय विक्रम सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिन से उसे सांस लेने में दिक्कत थी और उल्टी, पेट दर्द की शिकायत कर रहा था। इस पर 25 अगस्त को उसे जेल अस्पताल में भर्ती किया गया और फिर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई।