जलभराव से बार-बार सड़क धंसने, उखड़ने पर अफसरों ने लिया फैसला
बरेली। किला रोड पर जलभराव से आए दिन सड़क बैठ जाती है। अब लोक निर्माण विभाग किला रोड के नौ सौ मीटर हिस्से को सीमेंटिड कराएगा। इसके अलावा आगे परसाखेड़ा तक करीब 17 किमी सड़क के चौड़ीकरण के लिए करीब 21 करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता मुस्तेहसिन निसार ने बताया कि पुराने हाईवे के करीब 17 किलोमीटर हिस्से को चौड़ा किया जाना है। सिटी स्टेशन के सामने सीसी रोड बनाई जाएगी, इससे वहां जलभराव से बार-बार सड़क खराब होने की समस्या नहीं रहेगी। परसाखेड़ा जीरो प्वाइंट यानी झुमका चौराहा से शहर के अंदर आने वाला मार्ग पहले हाईवे का हिस्सा था, लेकिन बड़ा बाईपास बनने के बाद यह जिला मार्ग रह गया है। पीडब्ल्यूडी के अधीन यह मार्ग झुमका चौराहा से किला होते हुए चौपुला चौराहा होकर सेटेलाइट तिराहा और नकटिया होते हुए रजऊ परसपुर में बड़ा बाईपास से मिलता है। इस मार्ग की लंबाई करीब 24 किलोमीटर हैं। इस मार्ग के सात किलोमीटर के हिस्से को बीडीए ने चौड़ा कर दिया है। बाकी बचे 17 किलोमीटर रोड को चौड़ा करने की योजना पीडब्ल्यूडी ने बनाई है। इसका प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है। इस पर करीब 21.44 करोड़ का व्यय होने का अनुमान है।