पूरनपुर, कुर्रैया में अंडरपास की जगह पुल बनाने की रखी मांग
बरेली। पूरनपुर के भाजपा विधायक बाबूराम पासवान ने बुधवार को रेलवे और सेतु निगम के अधिकारियों से मुलाकात की। कहा, पीलीभीत-मैलानी रेलवे लाइन पर पूरनपुर और कुर्रैया में बनाए जा रहे अंडरपास से किसानों को दिक्कत होगी। लिहाजा अंडरपास की जगह ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए। अधिकारियों ने दोबारा सर्वे कराने का आश्वासन दिया है।
रेलवे पीलीभीत-मैलानी रेलवे लाइन पर पूरनपुर और कुरैया में अंडरपास बना रहा है। इसे लेकर पूरनपुर विधायक ने बुधवार को इज्जतनगर मंडल प्रबंधक से मुलाकात की। कहा, क्षेत्र के लोग अंडरपास का विरोध कर रहे हैं। अंडरपास बनने से किसानों को गन्ना चीनी मिल और केंद्रों तक ले जाने में दिक्कत होगी। विधायक ने कहा कि अंडरपास की जगह ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए। रेलवे अधिकारियों ने विधायक को बताया कि अंडरपास साढ़े पांच मीटर ऊंचे होंगे। इस पर विधायक ने कहा कि बरसात में वहां पांच से छह फुट तक जलभराव हो जाता है। तब लोग कैसे निकलेंगे। इस पर रेलवे अधिकारियों ने दोबारा सर्वे कराने और सर्वे पूरा होने तक अंडरपास का काम रोके जाने का आश्वासन दिया। विधायक ने सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक देवेंद्र सिंह से भी मुलाकात कर पूरनपुर के पश्चिमी गेट 180 बी और कुरैया के पश्चिमी रेल फाटक संख्या 169 सी पर ओवरब्रिज बनाने की मांग रखी।
इस संबंध में मुझे कोई जानकारी नहीं है। अंडरपास और ओवरब्रिज बनाने या न बनाने का फैसला रेलवे बोर्ड का है। क्या प्रस्ताव है, गुरुवार को मालूम करके बताऊंगा। - राजेंद्र सिंह, पीआरओ इज्जतनगर रेल मंडल