मनोज को मिली आंवला की जिम्मेदारी, सुनील बने सुभाषनगर इंस्पेक्टर
बरेली। एसएसपी ने बुधवार रात पांच थानेदार इधर से उधर कर दिए। लंबे समय से टिके सुभाषनगर इंस्पेक्टर सुभाषचंद्र जोशी को हटाकर एसआईएस प्रभारी बनाया गया है। शीशगढ़ थाना प्रभारी राजकुमार तिवारी को किला थाने का प्रभार मिला है।
किला थाने में करीब 12 दिन पहले पहुंचे इंस्पेक्टर सतीश कुमार को मंगलवार को प्रेमी के साथ गई लड़की की बराममदगी न होने को लेकर हुए बवाल के बाद लाइन हाजिर कर दिया गया था। बुधवार रात किला थाने की जिम्मेदारी शीशगढ़ इंस्पेक्टर राजकुमार तिवारी को दे दी गई। शीशगढ़ में मीरगंज थाने के इंस्पेक्टर क्राइम राजकुमार भारद्वाज को तैनात किया गया है। विशेष जांच प्रकोष्ठ के प्रभारी मनोज कुमार सिंह को आंवला थाने का प्रभारी बनाया गया है। जबकि आंवला के कोतवाल सुनील कुमार सुभाषनगर इंस्पेक्टर बनाए गए हैं। सुभाषनगर में करीब दो साल से ज्यादा समय से टिके हरिश्चंद्र जोशी को एसएसपी ने हटा दिया है। उन्हें विशेष जांच प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है। जोशी के इलाके में सराफ कमल किशोर वर्मा हत्याकांड का कई महीने बीत जाने के बाद भी खुलासा नहीं हो सका है। सिपाही के घर से कार खींचने समेत कई और मामलों में वह चर्चा में आए थे।