प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के लोकार्पण के नाम पर छलावा किया गया है। हमें कॉरिडोर नहीं विश्वनाथ मंदिर चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कानून बनाकर काशी और मथुरा में मंदिर निर्माण की मांग भी की।
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने शनिवार को बरेली में कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के लोकार्पण के नाम पर छलावा किया गया है। हमें कॉरिडोर नहीं विश्वनाथ मंदिर चाहिए। इसके बाद उन्होंने कहा कि सऊदी अरब में तब्लीगी जमात पर प्रतिबंध लगाया गया है। भारत में भी ऐसा होना चाहिए।
विज्ञापन
जनसंख्या नियंत्रण के लिए कानून बने
तोगड़िया ने कहा कि देश में जनसंख्या नियंत्रण के लिए कानून बनाया जाना चाहिए। जनसंख्या नियंत्रण बेहद जरूरी है। दो बच्चों से अधिक होने पर मताधिकार समेत सभी सरकारी सेवाओं का लाभ छीन लिया जाना चाहिए।
किसी पार्टी का नहीं बल्कि हिंदुओं का प्रवक्ता हूं
शाहजहांपुर के कलान से प्रवीण तोगड़िया शनिवार दोपहर म्याऊ, अलापुर होते हुए बदायूं पहुंचे। यहां जिला बार के पूर्व महासचिव विवेक शर्मा के आवास पर कुछ देर रुके। उन्होंने कहा कि वह किसी पार्टी के नहीं बल्कि हिंदुओं के प्रवक्ता हैं। अब तक राजनीतिक दलों के बीच खुद को धर्म निरपेक्ष साबित करने को प्रतिस्पर्धा होती थी, लेकिन अब खुद को हिंदू साबित करने के लिए प्रतिस्पर्धा हो रही है।
विज्ञापन
कई प्रांतों में हिंदू अल्पसंख्यक हो गए हैं, सबको जगाने निकला हूं
तोगड़िया ने कहा कि कई प्रांतों में हिंदू अल्पसंख्यक हो गए हैं। उन्होंने कहा कि वह हिंदुओं को जगाने निकले हैं। राम मंदिर हजारों हिंदुओं के बलिदान का प्रतिफल है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कानून बनाकर काशी और मथुरा में मंदिर निर्माण भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को काम करना चाहिए। बातों से कुछ नहीं होता।