मल्साखेड़ा गांव में राहत आपदा का मुआवजा बांटने में धांधली करने वाले लेखपाल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने का आदेश डीएम ने एसडीएम को दिया है। लेखपाल पर प्रधान के साथ मिलकर अपात्रों को मुआवजा देने का आरोप है। शिकायत के बाद गांव में मुआवजा पाने वाले 61 लोगों की जांच कराने पर केवल 12 ही पात्र मिले थे। वहीं, लोहिया ग्राम सिमरिया में 100 आवासीय पट्टों के आवंटन के बाद भी पात्रों को कब्जा न देने पर लेखपाल श्यामलाल को चेतावनी जारी की गई है।
जिलाधिकारी गौरव दयाल ने शनिवार को मीरगंज तहसील के विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। 99.27 लाख की लागत वाले पालीटेक्निक के ब्वायज हास्टल का जायजा लेने के दौरान लेकफेड अधिकारियों ने बताया कि अंतिम किस्त जनवरी 2011 में मिली थी। अब निर्माण की पुनरीक्षित लागत 1.07 करोड़ रुपये हो गई है। शासन से और पैसा मांगा गया है। डीएम ने शासन से बात करने का आश्वासन दिया। लोहिया ग्राम मीरापुर में केवल पोल लगने पर डीएम ने काम में तेजी लाने के लिए कहा। दो हैंडपंप खराब होने पर नाराजगी जताई और तुरंत सही कराने के लिए कहा। सात लोहिया आवास अपूर्ण मिलने पर उसे प्राथमिकता से पूरा कराने के लिए कहा। फतेहगंज पश्चिमी के खिरका में बन रहे सीएचसी का निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लास्टर की जगह ग्रिड वाश कराने और टाइल्स को उन्हें दिखाकर ही लगाने के आदेश दिए। मीरगंज के लोहिया ग्राम सिमरिया में चार दिन में कैंप लगाकर सभी 100 आवासीय पट्टों पर कब्जा दिलाने के लिए तहसीलदार को आदेश दिए। मीरगंज सीएचसी परिसर में कंडम वाहन खड़े होने पर उन्होंने सीएमओ को पत्र लिखने का भी आदेश दिया।