लोकसभा चुनाव में हार के बाद राहुल गांधी के नेतृत्व पर पार्टी में ही कई सवाल उठे पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद इससे सहमत नहीं हैं। राहुल को हार का जिम्मेदार मानने से साफ इंकार करते हुए जितिन ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने हमेशा सही भूमिका निभाई लेकिन भाजपा ने जनता को गुमराह करके कांग्रेस विरोधी माहौल बनाया। हवाई किले खड़े करके जनता को बरगलाया कि सबकुछ एकदम कर देंगे लेकिन अब जनता को ठगे जाने का अहसास हो गया है।
जितिन बृहस्पतिवार को पार्टी संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं के सुझाव लेने को उनसे सीधा संवाद करने यहां आए थे। इस बीच सर्किट हाउस में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस सबसे पुरानी पार्टी है और इसी जड़ें बेहद मजबूत हैं। यही वजह है कि सत्ता में न होने के बावजूद कांग्रेस में कार्यकर्ताओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने भाजपा पर धर्मनिरपेक्षता का विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस की झांकी में संविधान की पंक्तियों से सेक्युलर शब्द हटाकर नरेंद्र मोदी सरकार ने इसे साबित भी कर दिया है। सपा और बसपा पर निशाना साधते हुए बोले- कांग्रेस ही भाजपा से मुकाबले के लिए सक्षम है। बाकी दल सिर्फ वोट बैंक की राजनीति के लिए दिखावा करते हैं। भाजपा समाज को बांटने की राजनीति करती है तो कांग्रेस ने हमेशा उसे जोड़ने का काम किया है। उन्होंने बताया कि पार्टी को अब और मजबूत करने के लिए काम किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं से सुझाव मांग रहे हैं, उन्हीं के मुताबिक पार्टी संगठन के ढांचे में कई बदलाव होंगे। पार्टी सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में ही आगे बढ़ेगी।