पुलिस लाइन में शुरू हुई 69वीं अंतर्जनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता
जोन के सात जिलों की महिला और पुरुष टीमें कर रही हैं प्रतिभाग
बरेली। पुलिस लाइन ग्राउंड में रविवार को शुरू हुई 69वीं अंतर्जनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता में पहले दिन बरेली, पीलीभीत और बदायूं की टीमें विजेता रहीं।
प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही बरेली जोन के सात जिलों की टीमों के दो पूल बनाए गए हैं। पहले पूल में बरेली, बिजनौर, संभल और बदायूं की टीम है और दूसरे पूल में मुरादाबाद, पीलीभीत और रामपुर की टीम। रविवार को शुरुआती मैच मुरादाबाद और पीलीभीत के बीच हुआ जिसे पीलीभीत ने शून्य के मुकाबले दो गोल से जीता। दूसरे मैच में बदायूं ने संभल की टीम को 3-1 से हराया। तीसरा मैच बरेली और बिजनौर के बीच हुआ जिसमें बरेली की टीम ने बिजनौर को 3-0 से परास्त किया।
मैच से पहले एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया। इस दौरान एसपी सिटी रवींद्र कुमार, एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल, एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता का संचालन रिटायर्ड सीओ जगदीश सिंह पाटनी ने किया। कार्यक्रम की व्यवस्था आरआई निरोत्तम सिंह ने की।