बरेली के थाना भमोरा में पुलिस ने एक युवती की शादी उसके प्रेमी से कराई। प्रेमी युगल ने थाने में स्थित मंदिर में सात फेरे लिए। इस दौरान लड़का-लड़की के परिवारवाले भी मौजूद रहे। दो साल पहले एक शादी समारोह में मिले युवक-युवती का प्यार परवान चढ़ा, लेकिन लड़के के घरवाले शादी के लिए तैयार नहीं थे। प्रेमी से शादी करने के लिए युवती को धरना देना पड़ा। इसके बाद प्रेमी युगल एक-दूजे के हो सके।
दो साल पहले शुरू हुई थी प्रेम कहानी
भमोरा थाना क्षेत्र के गांव भोजपुर निवासी अनुराग दो साल पहले पड़ोसी गांव वभियाना की रहने वाली कुंती से एक शादी समारोह में मिला था। दोनों में प्यार हो गया। दो साल तक दोनों घर वालों से छिपकर एक-दूसरे से बातचीत करते रहे। इस बीच अनुराग हिमाचल में एक दवा फैक्टरी में काम करने लगा। हाल ही में कुंती को अनुराग की शादी किसी दूसरी जगह तय होने की जानकारी मिली। इस पर कुंती दो फरवरी को अनुराग के घर पहुंच गई और शादी की जिद पर अड़ते हुए धरना दिया था।
दो लड़कियों की प्रेम कहानी: फेसबुक पर दोस्ती और फिर प्यार, सहेली से शादी करने के लिए छोड़ा परिवार
दोनों पक्ष शादी के लिए हुए तैयार
सूचना पर एसओ भमोरा दानवीर सिंह मौके पर पहुंचे और अनुराग के परिजनों के आश्वासन के बाद युवती को उसके परिवार वालों के सुपुर्द किया। साथ ही जल्द ही अनुराग को बुलाने की बात कही। शनिवार को अनुराग और कुंती के परिवार के लोग थाने पहुंचे। यहां दोनों पक्ष शादी के लिए तैयार हो गए। इसके बाद थाना परिसर में बने शिव मंदिर में पंडित सूर्य प्रकाश शर्मा ने दोनों की शादी कराई।