छत से फेंक कर की गई थी मासूम की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में ढाई वर्षीय बेटी की छत से फेंककर हत्या करने के मामले में पुलिस ने बुधवार को आरोपी मां को कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया। बच्ची का शव कब्र से निकलवाया गया है, उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सीबीगंज थाने के वीरपुर कासिमपुर निवासी मुर्शीद की पत्नी अनम ने 21 नवंबर की दोपहर परसाखेड़ा स्थित किराये के मकान की छत से अपनी ढाई साल की बेटी अमन नूर को नीचे फेंक दिया था। बेटी की मौत को अनम ने हादसा बताया और शव दफना दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
मंगलवार सुबह मुर्शीद को गली के एक बच्चे से घटनाक्रम की जानकारी मिली। पुलिस को बताकर उसने पड़ोस के सीसीटीवी कैमरे चेक कराए। सुराग मिलने के बाद अनम को हिरासत में ले लिया गया। अनम ने हत्या का आरोप स्वीकार कर लिया।
संबंधित खबर- मां की शर्मनाक करतूत का खुलासा: पड़ोसी बच्चे ने खोला राज...CCTV से सामने आया सच; हादसा बन रह जाती मासूम की मौत
मुर्शीद की ओर ने अनम के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। बुधवार को महिला को जेल भेज दिया गया। उधर एसीएम द्वितीय राजेश चंद्रा की मौजूदगी में पुलिस ने कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।