बरेली में पुलिस ने चार वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। इनमें दो आरोपी बीसलपुर क्षेत्र के चुर्रा गांव के निवासी है। चारों आरोपी दिल्ली से पांच बाइकें चोरी करके लाए थे।
बरेली के कैंट थाना क्षेत्र की नकटिया चौकी पुलिस ने चार वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी की पांच बाइकें और दो बाइकों का सामान बरामद हुआ है। सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि कैंट थाना क्षेत्र में नकटिया चौकी प्रभारी मोहित चौधरी और उनके सहयोगी एसआई प्रणव शुक्रवार सुबह अपनी टीम के साथ नकटिया पुल पर वाहन चेकिंग कर रहे थे।
विज्ञापन
इस दौरान भरतौल निवासी शिवम और बिथरी चैनपुर निवासी गौरव भारती को चोरी की दो बाइक के साथ पकड़ लिया गया। बाद में उन्हें जब थाने ले जाकर पूछताछ की तो अपने दो और साथियों के नाम बताए। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पीलीभीत के बीसलपुर थाना क्षेत्र के गांव चुर्रा निवासी आमिर और रियाजुद्दीन को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इनके बताए अनुसार चोरी की तीन बाइकें और दो बाइकों के इंजन व अन्य पार्ट्स बरामद किए। पांचों बाइकें दिल्ली से चोरी करके लाए थे। इस संबंध में दिल्ली के बेगमपुर, कंजावाला, शाहबाद डेयरी और कृष्णानगर में एफआईआर दर्ज हैं। चारों ऑटो लिफ्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।