आरोपियों की गिरफ्तारी के संंबंध में जानकारी देते पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के नकटिया में तीन दिन पहले शहनाज बेगम के घर हुई लूट का खुलासा डकैती में हुआ है। घटना में पांच आरोपी शामिल थे, जिनमें से परिवार का परिचित युवक अर्श सैफी घटना के दौरान एक अन्य आरोपी के साथ बाहर ही खड़ा रहा। आरोपियों में दो राज मिस्त्री भी थे, जो घर में घुसे थे। उन्हें पता था कि घर में अकेली वृद्धा शहनाज ही रहती है लेकिन उस रात वहां उनकी बेटी भी मिली तो उनके भी जेवर लूट लिए।
प्रेमनगर थाने में कैंट थाना क्षेत्र के इस मामले का खुलासा एसपी सिटी राहुल भाटी और सीओ सिटी प्रथम पंकज श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने चार आरोपियों को पेश किया। इनमें से दो आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। दोनों के पैर में गोली मारी गई थी। आरोपियों से 31 हजार रुपये और जेवर बरामद किए गए। एक अन्य आरोपी की जल्दी गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।