सुरक्षा ड्यूटी में लगाए गए पुलिसकर्मियों, ड्राइवरों और कर्मचारियों की भी हुई जांच
सड़क मार्ग से शाहजहांपुर जाने की संभावित स्थिति के लिए अलग तैयारियां
बरेली। प्रधानमंत्री के 18 दिसंबर को त्रिशूल एयरबेस पर प्रस्तावित चेंजओवर को लेकर बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में हलचल का माहौल रहा। शासन से जारी निर्देश पर एसएसपी-डीएम समेत तमाम अफसरों के अलावा सुरक्षा ड्यूटी में लगाए गए पुलिसकर्मियों और ड्राइवरों का कोविड टेस्ट कराया गया। सड़क मार्ग से पीएम का काफिला बरेली से शाहजहांपुर जाने की संभावित स्थिति के लिए अलग तैयारियां भी की गई हैं।
एडीएम सिटी आरडी पांडेय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 दिसंबर को त्रिशूल एयरबेस पर चेंजओवर करेंगे। इस दौरान किन्हीं कारणों से अगर उनका काफिला सड़क मार्ग से यहां से शाहजहांपुर रवाना हुआ तो ऐसी स्थिति में अलग तैयारी की जा रही है। कलक्ट्रेट परिसर में बृहस्पतिवार को सरकारी वाहनों को बुलाकर उनके लिए पास बनाए गए। वाहन चालकों की कोरोना जांच भी कराई गई। पुलिस लाइन के 70 पुलिसकर्मियों की भी कोविड जांच हुई। साथ ही, प्रधानमंत्री के चेजओवर को लेकर दो दिन पहले प्रदेश सरकार के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दिए गए निर्देश को पूरा करने की कवायद जारी रही। ब्यूरो