बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो फरवरी को सुबह 11 बजे बृज क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों में वर्चुअल रैली करेंगे। हर विधानसभा क्षेत्र में बड़ी स्क्रीन के जरिए वह मतदाताओं से रूबरू होंगे। शहर के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में वर्चुअल रैली के लिए स्क्रीन लगाई जा रही है।
जिला मीडिया प्रभारी अंकित महेश्वरी ने बताया कि कैंट विधानसभा के करगैना के एक रिसोर्ट में स्क्रीन लगाई जाएगी। इसी तरह बहेड़ी में एक बैंक्वेट हॉल, मीरगंज परोरा रोड के रिसार्ट, भोजीपुरा में परधौली के गोपाल मैदान और नवाबगंज में एक बैंक्वेट हॉल में प्रधानमंत्री को लोग सुनेंगे। आंवला जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह ने बताया कि फरीदपुर में सत्संग भवन में और आंवला में स्टेशन रोड व बिथरी चैनपुर में डोहरा रोड पर एक निजी निर्माणाधीन अस्पताल में वर्चुअल रैली की जाएगी। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री की वर्चुअल रैली से लोगों को जोड़ा जाएगा। सोशल मीडिया के सभी माध्यमों पर भी इसका सीधा प्रसारण होगा।