बरेली। कोविड गाइड लाइन के चलते बसपा सुप्रीमो मायावती की सभा में ज्यादा भीड़ न जुटे, लेकिन उनका भाषण अधिक से अधिक लोग सुन सकें, इसके लिए बसपा ने नौ टीवी चैनलों से करार किया है। राधा माधव पब्लिक स्कूल के सामने मैदान में सात फरवरी को होने वाली सभा का इन चैनलों पर सीधा प्रसारण किया जाएगा।
बसपा सुप्रीमो मायावती की मंडलीय सभा के लिए राधा माधव पब्लिक स्कूल के सामने वाले मैदान में तैयारियां की जा रही हैं। कोविड गाइडलाइन के चलते जनसभा में सिर्फ एक हजार लोगों के शामिल होने की अनुमति दी गई है। ऐसे में मंडल के सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं तक बसपा सुप्रीमो की बात पहुंचाने के लिए पार्टी ने सभा का टीवी चैनलों पर सीधा प्रसारण कराने की व्यवस्था की है। जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह ने बताया कि बसपा सुप्रीमो की सभा से अधिकाधिक लोगों को जोड़ने के लिए नौ टीवी चैनलों से करार किया गया है। इन पर सभा का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा पार्टी नेतृत्व की ओर से एलईडी युक्त नौ वाहन भी भेजे गए हैं, जिन पर यह कार्यक्रम लाइव दिखाया जाएगा। साथ ही पार्टी के डिजिटल वालंटियर यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से भी लोगों को जनसभा से जोड़ने का काम करेंगे।