इन दिनों मच्छर स्वास्थ्य महकमे के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। कई तरह की बीमारियों खासतौर से बुखार का कारण भी मच्छर बन रहे हैं, इससे सैकड़ों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इनसे बचने का एक ही तरीका है कि मच्छरों को पनपने ही न दिया जाए। विशेषज्ञों ने ऐसे ही कुछ खास पौधे खोजे हैं जो मच्छरों का लार्वा खत्म कर सकते हैं। इनके पत्तों, फूलों, जड़ों के रस को आप अपने आसपास भरे पानी में डालकर लार्वा को खत्म कर सकते हैं। बरेली कॉलेज के बॉटनी विभाग के शिक्षक डॉ. राजेश कुमार और कुछ अन्य शिक्षकों ने इन पौधों पर शोध किया है। देश के विभिन्न हिस्सों में कुल 108 पौधे खोेजे गए हैं, जिनमें बरेली में 12 पौधे मिले हैं। इनका प्रयोग लार्वा को खत्म करने में किया गया, जो कारगर साबित हुआ।
बरेली कॉलेज के बॉटनी विभाग के डॉ. राजेश कुमार, मनोहर पाठक, मनीश कुमार सिंह, कुमार अविनाश की टीम ने ‘ए रिव्यू ऑन ट्रेडिशनल लार्वीसाइडल प्लांट्स’ के तहत सैकड़ों पौधों पर शोध किया। इसके लिए कई विभागों के आंकड़ों को भी शामिल किया गया। विभिन्न प्रकार के पौधों की पत्तियों, जड़, तने, फूलों के रस को उन जगहों पर डाला गया जहां मच्छरों का लार्वा था। एक सप्ताह के भीतर ही सारा लार्वा खत्म हो गया। डॉ. राजेश कुमार के अनुसार लार्वा खत्म करने के लिए महंगे कीटनाशक या केमिकल की जरूरत नहीं। इन पौधों के रस के प्रयोग से लार्वा का आसानी से खात्मा संभव है। आपको मलेरिया और डेंगू के खतरे से राहत मिल जाएगी और इससे पानी भी जहरीला नहीं होगा।
बरेली में इन पौधों में मिली लार्वा खत्म करने की खासियत
अमलताश, रत्ती, बेल, करंज, यूकेलिप्टस, अनार, चिरचिटा (अपामार्ग या चिरौटा), दूब घास, निरकुंडी, अमरूद, अरंडी, रतनजोत।