मीरगंज। क्षेत्र के संजरपुर गांव में बुधवार की शाम से बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। ग्रामीणों के अनुसार शाम को बिजली चली गई। खबर लिखे जाने तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।
लगातार भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली न होने से गांव के लोग खासे परेशान हैं। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार पावर हाउस पर फोन कर शिकायत की गई, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। स्थानीय निवासी अनीस अहमद ने बताया कि बिजली जाने के बाद रातभर नींद नहीं आई। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को गर्मी के कारण तकलीफ हुई।
जाफरपुर विद्युत उपकेंद्र पर विद्युत व्यवस्था बदहाल
दुनका। क्षेत्र में जाफरपुर विद्युत उपकेंद्र से बिजली दी जाती है, लेकिन रोजाना बिजली की अघोषित कटौती की जा रही है। इससे दर्जनों गांवों के लोग परेशान हैं। सहोडा, बस ई, रास, मोहनपुर, औरंगाबाद, धनेली, गनेशपुर, सुल्तानपुर, दुनका सहित दर्जनभर से अधिक गांवों में बिजली का संकट खड़ा हो गया है। बृहस्पतिवार शाम तक बिजली नहीं आई तो लोग परेशान हो गए। सतीश चंद्र गंगवार, धर्मेंद्र कुमार, शिशुपाल सिंह, होरी लाल, भरत शर्मा, कपिल गंगवार, अफसर अहमद आदि ने बताया कि बिजली निगम के कर्मचारियों से शिकायत की जाती है तो कोई सुनने को तैयार नहीं होता। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीण प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। अवर अभियंता संतोष शर्मा से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं लगा। संवाद
बेहतर आपूर्ति के लिए लगाया नया ट्रांसफार्मर
मीरगंज। तहसील रोड को सुचारु व निर्बाध बिजली आपूर्ति के उद्देश्य से उपखंड अधिकारी निखिल जायसवाल के निर्देश पर तहसील रोड पर नया 100 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया। अवर अभियंता करुणेश मिश्रा की देखरेख में लगाए गए इस ट्रांसफार्मर को पहले से मौजूद 250 केवीए ट्रांसफार्मर के साथ जोड़कर विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी गई है। इससे अब दोनों ट्रांसफार्मर अंडर लोड होकर कार्य करेंगे, जिससे ओवरलोडिंग की समस्या में कमी आएगी और उपभोक्ताओं को अधिक स्थिर व बेहतर बिजली मिल सकेगी। स्थानीय लोगों के अनुसार पहले एकमात्र ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक भार होने के कारण आए दिन फेस कटने की समस्या बनी रहती थी। नए ट्रांसफार्मर की स्थापना से इस समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद जताई जा रही है। संवाद