फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पेनाल्टी शूटआउट में धाकड़ फिर कैडर पर भारी

Sat, 04 Nov 2017 01:31 AM IST
बरेली।
विज्ञापन
विज्ञापन
मेयर टिकट को लेकर चल रही प्रतिष्ठा की लड़ाई ने डॉक्टर आईएस तोमर के पहले मेयर चुनाव की याद दिला दी है। तब डा. तोमर का टिकट फाइनल हुआ और नकटिया तक आते-आते सुभाष पटेल को दे दिया गया था। मूंछ की लड़ाई में तब डा. तोमर ने निर्दलीय लड़कर बाजी जीती थी। मगर, इस बार तो टिकट फाइनल होने का नाम ही नहीं ले रहा। कभी धाकड़ नेता का पलड़ा भारी दिखता है तो कभी कैडर वालों का। फिलहाल, नौबत फुटबाल मैच के पेनाल्टी शूटआउट वाली है। यानी फैसला न होने की स्थिति में पेनाल्टी शूटआउट में दो पक्ष भिड़े हैं। भाजपा और संघ के दिग्गज भी इस हालात से हैरत में हैं। हैरत शीर्ष नेताओं की कशमकश पर भी है क्योंकि टिकट फाइनल होने का कई बार दावा करने के बावजूद वे नाम घोषित नहीं कर पा रहे। मेयर टिकट के लिए उत्सुक बरेलीवासियों के लिए इतना ही कहा जा सकता है कि फुटबाल मैच के रोमांचक पेनाल्टी शूटआउट दौर की तरह मेयर टिकट के मौजूदा मुकाबले का भी आनंद लें। उम्मीद है कि शनिवार दोपहर तक नाम की घोषणा हो जाए। फिलहाल, धाकड़ नेता और उनके पैरोकारों का आत्मविश्वास काफी मजबूत नजर आ रहा है।    
विज्ञापन


दावेदारों की सांसें अटकीं, शहरवासी उत्सुक 
 मेयर के साथ पार्षदों के टिकट की सूची भी जारी नहीं होने से दावेदारों की सांसें अटक गईं। कुछ दावेदारों ने लखनऊ में डेरा डाला है तो कुछ दिल्ली से भी सिफारिश लगवा रहे हैं। अधिकांश टिकट दावेदार बड़े नेताओं के अलावा आरएसएस पदाधिकारियों और संगठन में अपने पैरोकारों को फोन कर मेयर टिकट की घोषणा पता करते रहे लेकिन देर रात तक किसी को भी सही जानकारी नहीं मिल पायी। इसी बीच भाजपा नेताओं की ओर से खबर दी गई कि शाम चार से पांच बजे के बीच लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस होगी। इसमें प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। जब लखनऊ से सूची जारी होने की खबर टीवी चैनलों पर चली तो उसमें केवल उन क्षेत्रों के प्रत्याशियों की घोषणा की गई, जहां प्रथम चरण में मतदान होना है। उधर, राजनीतिक हलकों में पूरे दिन धाकड़ नेता के भाजपा से मेयर का टिकट फाइनल होने की चर्चा चलती रही लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि किसी ने नहीं की। दावेदारों के अलावा सपा, बसपा और कांग्रेस खेमे में भी भाजपा के मेयर प्रत्याशी की घोषणा को लेकर उत्सुकता दिखी। भाजपाइयों के अलावा आम लोग भी दफ्तर और घरों में बैठकर मेयर टिकट की जानकारी मोबाइल पर लेते रहे। बताया जाता है कि भाजपा में मेयर टिकट पर कैडर और धाकड़ नेता के बीच खींचतान में संगठन के प्रदेश स्तर के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कद्दावर को भरोसा दिलाने की कोशिश की कि आगे चुनावों में वे परेशानी नहीं बनेंगे। सुना जा रहा है कि इस पर कद्दावर नेता शांत हुए हैं। हालांकि संघ की बड़ी लॉबी और कई कद्दावर कैडर वाले नेता के लिए अड़े हैं। इसलिए घोषणा होने में दिक्कत आ रही है। आगरा के बाद लखनऊ बैठक में भी धाकड़ नेता का टिकट फाइनल होने के संकेत मिले लेकिन पुष्टि के अभाव में इस बात को सही नहीं माना गया। 
बता दें कि भाजपा से मेयर टिकट की दौड़ में धाकड़ नेता के अलावा संघ की ब्राह्मण लॉबी के डॉक्टर, कद्दावर नेता के पुराने चहेते, स्वच्छ छवि के होम्योपैथिक डॉक्टर और संघ के युवा डॉक्टर शामिल थे। इसी बीच कद्दावर नेता ने ब्रज क्षेत्र पदाधिकारियों के समक्ष कैडर के व्यक्ति को टिकट देने का मुद्दा उठाकर यह लड़ाई कैडर बनाम कद्दावर नेता की कर दी। धाकड़ नेता को मेयर के टिकट की पैरवी एक पूर्व मुख्यमंत्री की परछाईं समझे जाने वाले बड़े पदाधिकारी के अलावा दो ब्रज क्षेत्र के संगठन से जुड़े बड़े पदाधिकारी भी कर रहे हैं। माना जा रहा है कि टिकट की घोषणा कैडर, संघ और कद्दावर नेता की रस्साकसी के चलते रोकी गई है, हालांकि बड़े नेताओं ने टिकट की घोषणा टलने की वजह तीसरे चरण के मतदान में समय होना बताया है।  
विज्ञापन



निकाय चुनाव के प्रत्याशियों की सूची जारी होनी थी लेकिन कुछ क्षेत्रों में चुनाव दूसरे या तीसरे चरण में होंगे, इसलिए इनके प्रत्याशियों की घोषणा रोक दी गई है। प्रथम चरण की सूची जारी कर दी गई। बाकी चरण के प्रत्याशियों की घोषणा एक या दो दिन में की जाएगी।  - बीएल वर्मा, अध्यक्ष ब्रज क्षेत्र भाजपा 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें