जरी-जरदोजी के अड्डे पर डीएम ने की कढ़ाई
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने सोमवार को अधिकारियों के साथ शहर का भ्रमण कर एक जनपद-एक उत्पाद योजना में वित्तीय सहायता से लाभान्वित किए गए जरी-जरदोजी के अड्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खुद कढ़ाई कर तकनीकी जानकारी प्राप्त की। हस्त शिल्पियों से बात कर उनकी कठिनाइयां समझने का प्रयास किया और उद्योग उपायुक्त दुर्गेश कुमार को विभाग की योजनाओं का लाभ जरी-जरदोजी के शिल्पकारों को प्राथमिकता के आधार पर दिलाने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि हस्त शिल्पियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ देकर सरकार की मंशा के अनुरूप जिले में जरी-जरदोजी के कारोबार को बढ़ावा दिया जा सकेगा। मोहल्ला सिंजई में हस्त शिल्पी शबाना के घर जाकर बड़ौदा उप्र ग्रामीण बैंक से वित्त पोषित जरी-जरदोजी का कारखाना देखा और वहां दस्तकारों द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना की और खुद भी कढ़ाई की। उन्होंने हस्त शिल्पियों से यह जानने में भी दिलचस्पी दिखाई कि कच्चा माल कहां से किस रेट पर मंगाते हैं और तैयार माल के विपणन की क्या व्यवस्था की गई है। डीएम ने कहा कि हस्त शिल्पियों को अपने हुनर के विकास का प्रशासन पूरा मौका देगा।
उन्होंने उद्योग उपायुक्त को ओडीओपी और उससे जुड़ी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकतम दस्तकारों तक विभाग की योजनाओं का लाभ पहुंचना चाहिए। इस दौरान नगर आयुक्त विद्याशंकर सिंह, एसडीएम सदर वेद सिंह चौहान आदि अधिकारी मौजूद रहे।