जिले की खाद्य सुरक्षा टीम ने गुरुवार को शहर में छापे मारकर दूध और दही के छह नमूने लिए हैं। शहामतगंज में बिक रहे कटे और सड़े फलों को ढकेलों से फिकवाया । खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने चेतावनी दी कि दोबारा कटे फल बेचे तो चालान कर दिया जाएगा।
बरेली में मदर डेयरी और फतेहपुर में अमूल के दूध का नमूना फेल होने के बाद शहर के मलूकपुर में निशा ट्रेडर्स के यहां से अमूल के पैक्ड दूध का नमूना लिया है। इसी तरह इंदिरा नगर से अमूल के दूध और दही का नमूना लिया गया। कलक्ट्रेट के निकट पराग डेयरी की गाड़ी से पैक्ड दूध का नमूना लिया। पुलिस लाइन के निकट अरोरा कांपलैक्स में डीके एजेंसी से मदर डेयरी के पैक्ड दूध का नमूना लिया। अयूब खां चौराहा स्थित नोवा एजेंसी से नोवा के पैक्ड दूध का नमूना लिया। दूध के इन नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भिजवा दिया है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय जैसवाल ने बताया कि दूध, दही तथा फल के नमूने लेने का अभियान निरंतर जारी रहेगा। साथ में खुले में बिक रहे कटे फलों को नष्ट करने का अभियान भी जारी रहेगा।