पौधों की जानकारी देने के लिए आरोपी ने लिया था नंबर
पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपी को किया गिरफ्तार
बरेली। इज्जतनगर स्थित दौलत नर्सरी के संचालक के बेटे कपिल जाटव ने महिला अधिवक्ता के मोबाइल पर अश्लील मेसेज भेजे। जब वह शिकायत लेकर पहुंचीं तो आरोपी ने उनसे छेड़छाड़ की। अधिवक्ता की शिकायत पर इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बारादरी क्षेत्र में रहने वाली अधिवक्ता का कहना है कि 22 अक्तूबर को वह इज्जतनगर क्षेत्र में पीलीभीत बाईपास रोड स्थित दौलत नर्सरी पर पौधे खरीदने गईं थीं। उस समय कुछ पौधे नर्सरी पर उपलब्ध नहीं थे तो वहां काम करने वाले व्यक्ति ने उनका मोबाइल नंबर ले लिया और पौधे आने पर सूचना देने की बात कही। अगले दिन दोपहर 12 बजे उनके मोबाइल पर अश्लील मेसेज आने लगे।
आरोप है कि इसकी शिकायत करने वह नर्सरी पर पहुंचीं तो पता चला कि जिस नंबर से अश्लील मेसेज भेजे गए हैं, वह नर्सरी में काम करने वाले सोनू नाम के युवक का है, लेकिन इस नंबर को नर्सरी के मालिक का बेटा कपिल जाटव चला रहा है। इसी बीच मास्क लगाए एक युवक वहां पहुंचा और खुद को कपिल बताते गालीगलौज और छेड़छाड़ करने लगा। इसके बाद अधिवक्ता ने इस मामले में थाना इज्जतनगर में शिकायत की तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी को जेल भेज दिया।