अच्छे उद्यमी बरेली आना चाहते हैं लेकिन दिल्ली से बरेली का लंबा सफर होने की वजह से उनका इरादा बदल जाता है। हवाई सेवा शुरू होने से विभिन्न सेक्टरों के विशेषज्ञ आसानी से यहां आ-जा सकेंगे। बाहर पढ़ने वाले युवाओं को भी काफी लाभ होगा। - घनश्याम खंडेलवाल, प्रमुख उद्यमी
रियल एस्टेट सेक्टर को एयरपोर्ट शुरू होने का काफी लाभ मिलेगा। उम्मीद है कि अब शहर का दायरा और बढ़ जाएगा। जल्दी ही पीलीभीत बाईपास पर एयरपोर्ट से पांच-छह किलोमीटर आगे तक शहर का विस्तार देखने को मिल सकता है। - रमनदीप सिंह, बिल्डरविज्ञापन
सिर्फ दिल्ली तक ही जाने वाले शहर के लोगों के लिए यह फ्लाइट बहुत मुफीद नहीं कही जा सकती है क्योंकि एयरपोर्ट पर विभिन्न प्रक्रिया में ज्यादा समय लगता है। हालांकि कनेक्टिविटी के तौर पर इसका फायदा मिलेगा।
- डॉ. बीएम अरोरा, एमिरेट साइंटिस्ट
हवाई सेवा शुरू होने से सेमिनार और मीटिंग के लिए बाहर से विशेषज्ञों को बरेली बुलाना आसान हो जाएगा। चिकित्सा और शिक्षा क्षेत्र में इसका काफी लाभ देखने को मिलेगा। बाहर पढ़ने वाले युवाओं को भी इसका काफी लाभ होगा। - आदित्य मूर्ति, चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र
हमारे यहां चिकित्सा और शिक्षा क्षेत्र को हवाई सेवा की बहुत जरूरत थी। यह शुरू होने के बाद शहर में कारोबारी गतिविधियां भी बढ़ेंगी। कारोबार से जुड़े विशेषज्ञों को यहां बुलाना और उनकी सेवाएं लेना आसान हो जाएगा। - दिनेश गोयल, उद्यमी
कपड़ा सेक्टर का बंगलुरू और कोलकाता से सीधा जुड़ाव है। हवाई सेवा शुरू होने से दोनों शहरों की कनेक्टिविटी सुलभ होगी। लोग सुबह जाकर रात तक घर लौट सकेंगे। बरेली से कुमाऊं मंडल का भी सीधा जुड़ाव हो जाएगा। - नरेंद्र गुप्ता, रेडिमेड गारमेंट कारोबारी
हमारे काफी मरीज हैं जो विदेश से आते हैं। अब तक उन्हें दवा उपलब्ध कराने के लिए हमें दिल्ली में व्यवस्था करनी पड़ती थी। फ्लाइट शुरू होने से वे सीधे बरेली आ सकेंगे। चिकित्सा जगत को भी इसका काफी लाभ मिलेगा। - डॉ. मनदीप बासु, चिकित्सक
हमने अपनी सरकार में जिला प्रशासन को धनराशि दिलाई थी लेकिन फिर भी हवाई सेवा शुरू करने में इतनी देर कर दी गई। अब फ्लाइट शुरू हो गई है तो शहरवासियों को निश्चित इसका लाभ मिलेगा। बड़े शहरों से कनेक्टिविटी बढ़ जाएगी। - सुप्रिया ऐरन, पूर्व मेयर
हवाई यात्रा शुरू होने का लोगों को बहुत लाभ मिलेगा। व्यापारी वर्ग को ज्यादा फायदा होगा लेकिन फ्लाइट से चार घंटे पहले पहुंचने और एक घंटे पहले गेट बंद होने के नियम में बदलाव की जरूरत है। अन्यथा लोगों का समय खराब होगा। - शारदा भार्गव, महिला उद्यमी
हर वर्ग को हवाई सेवा से लाभ मिलेगा। दिल्ली जाकर अब दिन में ही लोग आसानी से लौट सकेंगे। जिन लोगों के बच्चे बाहर पढ़ रहे हैं, उन्हें इससे काफी सहूलियत मिलेगी। हवाई सेवा बरेली के लिए एक वरदान साबित होगी। - डॉ. विकास वर्मा, होम्योपैथिक चिकित्सक
बरेली में बड़े उद्योग नहीं हैं इसलिए हवाई यात्रा की सफलता को लेकर थोड़ा संदेह है। इसलिए पहले उद्योग जगत को विकसित करने की जरूरत है। राजकीय कार्यों के लिए लखनऊ जाने वाले सरकारी अफसरों को जरूर काफी फायदा होगा। - डॉ. आईएस तोमर, पूर्व मेयर
बरेली के बहुत सारे बच्चे दूर शहरों में पढ़ रहे हैं और नौकरी कर रहे हैं इसलिए हवाई सेवा की सफलता पर कोई संदेह नहीं है। विदेशों से आने वाले हमारे खरीदारों के लिए काफी सहूलियत होगी। सभी वर्ग के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। - अनिल साहनी, प्रगतिशील किसान
जरी-जरदोजी को हवाई यात्रा शुरू होने का काफी लाभ मिलेगा। अब तक दिल्ली आने-जाने में ही काफी समय लग जाता था। अब दिल्ली का सफर तो आसान होगा ही, दूसरे बड़े शहरों से भी कनेक्टिविटी की सहूलियत मिल सकेगी। - शालू सक्सेना, जरी निर्यातक