सिविल लाइंस में खोदाई की वजह से कई दिनों से लग रहा था भीषण जाम
बरेली। अयूब खां चौराहे के आसपास खोदाई की वजह से जाम का संकट कम करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने पुराने बसअड्डे पर आने-जाने वाली रोडवेज बसों का रूट डायवर्ट कर दिया है। अब बसें नावल्टी चौराहे के बजाय सिकलापुर चौराहे से बरेली कॉलेज और रामपुर बाग होकर चौकी चौराहे की ओर जाएंगी।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत सिविल लाइंस में अयूब खां चौराहे से चौकी चौराहे के बीच सड़क की एक लेन में खोदाई चल रही है। इसके अलावा अयूब खां चौराहे के पास भी खोदाई के चलते रास्ता काफी संकरा हो गया है और इसके कारण यहां रोज जाम लग रहा है। रोडवेज की बसें जब यहां से गुजरती हैं तो जाम और ज्यादा बढ़ जाता है। इसको देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार से रूट डायवर्जन लागू किया है। एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह ने बताया कि अब पुराने रोडवेज से कोई भी बस नावल्टी चौराहे की ओर नहीं जाएगी। बदायूं, अलीगढ़, मथुरा की ओर जाने वाली सारी बसें सिकलापुर चौराहे से बरेली कालेज और रामपुर बाग होकर चौकी चौराहे की ओर जाएंगी।