11 वर्ष पुरानी योजना को अब मिलेगी रफ्तार
वर्ष 2012-13 में गांव टियूलिया, धंतिया, फरीदापुर रामचरन, हमीरपुर, बोहित, मिलक, इमामगंज की कुल 561 हेक्टेयर जमीन पर आवास विकास परिषद ने योजना प्रस्तावित की थी, लेकिन अभी तक अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका। टियूलिया व धंतिया गांव की 159 हेक्टेयर जमीन में 2023 में आवासीय योजना विकसित की जाएगी। अगर यह प्रयोग सफल रहा तो आगे योजना को विस्तार मिलेगा।
नई कॉलोनी में शॉपिंग मॉल, शिक्षण संस्थान और अस्पताल होंगे
आवासीय योजना में शॉपिंग मॉल, अस्पताल, शिक्षण संस्थान, बड़े-बड़े हरे भरे पार्क, चौड़ी सड़कें, कचरा ट्रीटमेंट प्लांट आदि सुविधाएं होंगी। कई महत्वपूर्ण विभाग यहां पर शिफ्ट हो सकते हैं। आवास एवं विकास परिषद की राजेंद्र नगर, जनकपुरी, सिविल लाइंस, गांधीपुरम योजना के बाद परिषद की यह सबसे बड़ी योजना है। लखनऊ स्थित मुख्यालय पर 2 नवंबर 2022 को आवास विकास परिषद के बोर्ड की बैठक में योजना को स्वीकृति मिली है।