बरेली के कोतवाली के पीछे आजम नगर में बृहस्पतिवार शाम आई लव मुहम्मद का बैनर लगाने पर पड़ोसी महिलाओं में विवाद हो गया। सूचना पर फोर्स के साथ पुलिस अफसर पहुंचे तो खुराफातियों ने बवाल की अफवाह उड़ा दी।
बरेली में आई लव मुहम्मद के बैनर पोस्टर को लेकर खुराफाती तत्व शहर की फिजा खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसी ही एक सूचना बृहस्पतिवार शाम कोतवाली के पीछे आजम नगर से मिली। यहां आसपास रह रहे दो अलग-अलग समुदाय के परिवारों की महिलाओं में आई लव मुहम्मद के बैनर को लेकर विवाद हो गया।
विज्ञापन
एक महिला के घर पर बैनर लगा तो दूसरे समुदाय की महिला ने ऐतराज जता दिया। इससे विवाद खड़ा हो गया। तब बैनर लगाने वाली महिला ने कहा कि शुक्रवार को मौलाना तौकीर रजा के कार्यक्रम के बाद इसे उतार देंगे। इससे मामला शांत हो गया।
बैनर पर गेंद लगने का आरोप
कुछ देर बाद दोनों समुदाय के किशोर गली में क्रिकेट खेलने लगे। इस बीच बैनर में गेंद लगने का आरोप लगाकर एक महिला ने मोहल्ले में हंगामा कर दिया। इसकी सूचना पर पहुंचे सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया।
विज्ञापन
इस दौरान भारी भरकम फोर्स मोहल्ले में पहुंचा तो खुराफातियों ने हंगामा व बवाल की अफवाह उड़ा दी। सीओ प्रथम ने कहा कि दोनों पक्षों को समझा दिया गया है। शांति व्यवस्था कायम है।
मौलाना तौकीर के एलान के बाद चौकसी बढ़ी
मौलाना तौकीर रजा खान के शुक्रवार को इस्लामियां ग्राउंड में सभा करने के एलान के बाद अफसरों ने शहर में चौकसी बढ़ा दी है। भारी संख्या में दूसरे जिलों से पुलिस बल मंगाया गया है, जिसे फिलहाल ड्यूटी बांटकर लगा दिया है। पुलिस प्रशासन छोटी मोटी सूचनाओं को लेकर भी पर्याप्त सतर्कता बरत रहा है।