बरेली जिले में करीब चार लाख मतदाताओं के नाम सूची हटाए जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने इसकी सूची भेज दी है। इसको लेकर बीएलओ और बीडीओ के स्तर पर काम शुरू हो गया है।
बरेली जिले की मतदाता सूची में गड़बड़ियों की भरमार है। अकील अहमद का नाम क्यारा ब्लॉक की चार ग्राम पंचायतों में दर्ज है। कांधरपुर के एक बूथ की मतदाता सूची में अंजनी का नाम दो बार है। दोनों मामलों में सिर्फ उम्र का अंतर है।
विज्ञापन
जिले में ऐसे डुप्लीकेट वोटरों की संख्या 3,94,886 है। राज्य निर्वाचन आयोग ने इसकी सूची भेज दी है। ये नाम सूची से हटाए जाएंगे। बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के स्तर से काम शुरू भी हो गया है।
नवाबगंज में सर्वाधिक डुप्लीकेट मतदाता
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सतीश मौर्य ने बताया कि नवाबगंज ब्लॉक क्षेत्र में सर्वाधिक 41,330 डुप्लीकेट मतदाता हैं। बिथरी चैनपुर में 31,802 डुप्लीकेट वोटर हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर ऐसे मतदाताओं का सत्यापन करवाकर मतदाता सूची को दुरुस्त किया जा रहा है। इसके लिए ब्लॉकवार बीडीओ को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी ब्लॉकों को उनके क्षेत्र से संबंधित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची ग्राम पंचायत वार उपलब्ध कराई है। निर्देश हैं कि ग्राम पंचायतों में यदि किसी मतदाता का नाम एक से अधिक बार समान रूप से प्रदर्शित है तो सत्यापन के बाद जिस ग्राम पंचायत में वह निवास कर रहा है, वहीं उसका नाम रखा जाए।
ब्लॉकवार डुप्लीकेट वोटरों की स्थिति
ब्लॉक संख्या
नवाबगंज 41,330
बिथरी चैनपुर 31,802
भुता 30,766
शेरगढ़ 30,759
बहेड़ी 30,200
आलमपुर 28,909
मझगवां 27,955
भदपुरा 27,626
दमखोदा 23,318
क्यारा 22,629
भोजीपुरा 22,500
फरीदपुर 20,679
फतेहगंज पश्चिमी 20,617
मीरगंज 22,526
रामनगर 13,270
1.89 लाख घरों का सर्वे पूरा
29 सितंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। यह अभियान 19 अगस्त से चल रहा है। बीएलओ अब तक 1.89 लाख घरों तक दस्तक दे चुके हैं। उन्हें कुल 4.09 लाख घरों तक जाकर वोटरों का सत्यापन करने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए 1690 बीएलओ नियुक्त हैं।