बरेली। टीवी डिबेट के दौरान पैगंबर-ए-इस्लाम मोहम्मद साहब पर भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा की टिप्पणी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को जुमे की नमाज में मस्जिदों से नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग करते हुए 10 जून को प्रदर्शन के लिए इस्लामिया ग्राउंड पहुंचने की अपील की गई।
आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने बृहस्पतिवार को भाजपा से पैगंबर-ए-इस्लाम पर टिप्पणी के मामले में अपनी प्रवक्ता को पद से हटाने की मांग की थी। कार्रवाई न होने पर उन्होंने 10 जून को जुमे की नमाज के बाद इस्लामिया मैदान में इकट्ठे होकर विरोध प्रदर्शन करने का एलान किया था। शुक्रवार को जामा मस्जिद, किला और पुराना शहर इलाके की तमाम मस्जिदों से भी 10 जून को विरोध प्रदर्शन का एलान कर दिया गया।
जामा मस्जिद में शहर इमाम मुफ्ती खुर्शीद ने मांग की है कि आरोपी भाजपा प्रवक्ता पर फौरन कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मौलाना तौकीर रजा ने आठ दिन में कार्रवाई की मांग की है। शहर की दूसरी मस्जिदों में भी आईएमसी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. नफीस खान, नदीम खान, मुनीर इदरीसी, फरहान रजा खान, मोहम्मद रजा, तम्हीद अहमद आदि ने प्रदर्शन में भाग लेने का एलान कराया।