बरेली। बारादरी के पीली मिट्टी इलाके में गुलाबबाड़ी निवासी रेलवे के गैंगमैन धर्मेंद्र की हत्या कटरा चांद में रहने वाले युवक ने की थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि उस युवक का कटरा चांद में रहने वाले अशफाक से झगड़ा हुआ तो उसने तमंचे से गोली चला दी। अशफाक नीचे झुक गया और गोली धर्मेंद्र को जा लगी। वहीं, परिवार वालों ने उस युवक पर घर से बुलाकर ले जाने के बाद हत्या का आरोप लगाते हुए तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीली मिट्टी इलाके के मैदान में रविवार शाम धर्मेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आसपास के लोगों का कहना था कि वहां जुआ हो रहा था और उसी दौरान विवाद होने पर गोली चलाई गई। धर्मेंद्र के बड़े भाई शिवकुमार ने बताया कि कटरा चांद में रहने वाला युवक उनके भाई को घर से बुलाकर ले गया और दो अन्य के साथ गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि वह युवक उनके भाई को धमकाकर कई बार रुपये वसूल चुका था मगर धर्मेंद्र ने घर में किसी को कुछ नहीं बताया। अब यह बात सामने आई है कि उसने ही अपने दोस्तों के साथ धर्मेंद्र की हत्या की है।
मौके पर मौजूद दो युवकों को बारादरी पुलिस ने हिरासत में लिया है। इन दोनों युवकों ने पुलिस को बताया कि अशफाक और कटरा चांद खां में रहने वाले युवक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मारपीट के दौरान ही युवक ने तमंचा निकालकर अशफाक पर गोली चला दी। वह नीचे झुक गया तो वह गोली धर्मेंद्र के लग गई।
आरोपी के घर दबिश, कोई नहीं मिला
पुलिस ने कटरा चांद खां में रहने वाले युवक के घर दबिश दी लेकिन वहां ताला लगा मिला। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि रविवार को ही उसके परिवार के सभी लोग घर छोड़कर चले गए। अन्य दोनों आरोपियों के बारे में भी पुलिस तलाश रही है।