बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में चल रही मुख्य परीक्षा में सोमवार को मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा स्थित चंद्रपाल सिंह डिग्री कॉलेज में तीन नकलची पकड़े गए। सभी को यूएफएम में बुक कर दिया गया। कॉलेज परिसर में बड़ी मात्रा में गाइड, नोट्स, पर्ची आदि फेंकी हुई मिलीं। फ्लाइंग स्क्वाड ने सामूहिक नकल की आशंका जताते हुए कार्रवाई के लिए संस्तुति रिपोर्ट कुलपति को सौंप दी है।
सोमवार को फ्लाइंग स्क्वाड के समन्वयक प्रोफेसर केके माहेश्वरी और टीम में शामिल रहे डॉ. हेमा वर्मा, डॉ. रामबाबू सिंह ने मुरादाबाद के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। ठाकुरद्वारा श्योदासपुर स्थित चंद्रपाल सिंह डिग्री कॉलेज में तीन छात्रों को नकल सामग्री के साथ पकड़ा। उन्हें अनुचित साधन प्रयोग के दोष में यूएफएम में बुक किया। इसके बाद टीम ने परिसर का निरीक्षण किया तो कॉलेज में परीक्षा केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरे कार्य नहीं करते मिले। निरीक्षण की जानकारी पर तमाम छात्रों ने गाइड, नोट्स, पर्ची अन्य प्रिंटेड सामग्री को खिड़कियों से बाहर फेंक दिया था। जिसकी फोटोग्राफी कर रिपोर्ट में दर्शाया गया है। टीम ने प्रथम दृष्टया सामूहिक नकल का मामला प्रतीत होने की आशंका जताई है। सोमवार को तीनों पालियों में 54594 विद्यार्थी उपस्थित और 1478 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।