बरेली। इज्जतनगर मंडल के स्टेशनों से मुंबई जाने वाली द्विसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेन समेत दूसरी अप और डाउन स्पेशल ट्रेनों की रेलवे प्रशासन ने तीन दिन की अवधि और बढ़ा दी है। इनमें इज्जतनगर, काठगोदाम, बनारस और कानपुर स्टेशन से बांद्रा टर्मिनस और मुंबई सेंट्रल जाने वाली ट्रेनें शामिल हैं।
रेल प्रशासन के मुताबिक ब्रांद्रा टर्मिनस से इज्जतनगर द्विसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 09005 का संचालन 17 जून तक होना था लेकिन अब इनका संचालन 19, 24 और 26 जून को भी किया जाएगा। इज्जतनगर से बांद्रा टर्मिनस द्विसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 09006 का संचालन 18 जून तक किया जाना था जिसे अब 20, 25 और 27 जून को भी चलाया जाएगा। मुंबई सेंट्रल से काठगोदाम स्पेशल ट्रेन 09075 का संचालन 15 जून तक होना था मगर यह ट्रेन अब 22 और 29 जून को भी चलेगी।
काठगोदाम से मुम्बई सेंट्रल स्पेशल ट्रेन 09076 को 16 जून तक के लिए चलाया गया था लेकिन अब यह 23 और 30 जून को भी चलेगी। मुंबई सेंट्रल से बनारस स्पेशल ट्रेन 09183 का संचालन 15 जून तक के लिए था। इसे अब 22 और 29 जून को भी चलाया जाएगा। बनारस से मुंबई सेंट्रल स्पेशल ट्रेन 09184 का संचालन 17 जून तक होना था। यह अब 24 जून को भी चलेगी।
मुंबई सेंट्रल से कानपुर अनवरगंज स्पेशल ट्रेन 09185 का संचालन 11 जून तक किया जाना था। अब यह ट्रेन 18 और 25 जून को भी चलाई जाएगी। कानपुर अनवरगंज से मुंबई सेंट्रल स्पेशल ट्रेन 09186 का संचालन 12 जून तक किया जाना था जिसे अब 19 और 26 जून को भी चलाया जाएगा।