बरेली। लंबे समय से बंद कैंट क्षेत्र की घोड़ा बटालियन रोड को फिर से खोलने के प्रयास तेज हो गए हैं। आम नागरिकों के लिए रोड खोलने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार और कैंट विधायक राजेश अग्रवाल ने छावनी परिषद के अध्यक्ष को पत्र लिखा है। शनिवार को रोड दो बार खोली भी गई।
छावनी परिषद के अध्यक्ष को लिखे पत्र में सांसद संतोष गंगवार ने आम लोगों को हो रही असुविधा को देखते हुए रोड को फिर से खोलने का आग्रह किया है। विधायक राजेश अग्रवाल ने भी रोड फिर से खोलने का आदेश देने के लिए छावनी क्षेत्र के अध्यक्ष से कहा है। गौरतलब है कि घोड़ा बटालियन रोड पहले आम लोगों के लिए खुली थी। कोरोना संक्रमण को देखते हुए इसे बंद कर दिया गया। घोड़ा बटालियन रोड बंद होने से सेटेलाइट से कैंट की तरफ जाने वाले लोगों को घूमकर जाना पड़ रहा है।