शुक्रवार को अमर उजाला कार्यालय परिसर से मेडिकल वैन को हरी झंडी दिखाकर डॉ. सुशील टंडन ने रवाना किया। एमएल माहेश्वरी फाउंडेशन की यह एंबुलेंस ग्रामीणों तक पहुंचेगी और जांचें व दवाइयां निशुल्क दी जाएंगी।
बरेली जिले में ग्रामीणों की सेहत का ख्याल अब मोबाइल क्लिनिक रखेगा। एमएल माहेश्वरी फाउंडेशन की ओर से इसके लिए ग्रामीणों तक एंबुलेंस पहुंचेगी और जांचें व दवाइयां निशुल्क दी जाएंगी। इसी क्रम में शुक्रवार को अमर उजाला कार्यालय परिसर शाहजहांपुर रोड से एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर डॉ. सुशील टंडन ने रवाना किया।
विज्ञापन
मोबाइल क्लिनिक का पहला स्वास्थ्य शिविर भुता क्षेत्र के दौलतपुर करेंना गांव में आयोजित हुआ। यहां पहले दिन 51 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच करके उन्हें दवाइयां दी गईं। स्वास्थ्य शिविर में डॉ. तौसीफ अली ने मरीजों को परामर्श दिया। लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने पर जोर दिया।
सुबह 11 से शाम 5 बजे तक चले शिविर में ईसीजी, शुगर, रक्त की जांच की गई। पेट दर्द, दांतों की समस्या और नेत्र रोग के मरीज भी पहुंचे। डॉ. तौसीफ ने बताया कि मौसम परिवर्तन की वजह से इन दिनों रात और दिन के तापमान में बहुत ज्यादा अंतर है।
विज्ञापन
दिन में धूप निकलने के बावजूद लापरवाही न बरतें। सुबह और शाम के समय गर्म कपड़े जरूर पहनें। जरा सी लापरवाही बीमार बना सकती है। इस दौरान ग्राम प्रधान मूंगा लाल, मुरारी लाल, राकेश कुमार, हरिद्वारीलाल, सत्यपाल, पातीराम आदि मौजूद रहे। पड़ोली गांव में शनिवार को शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह एंबुलेंस अब आगे भी अलग-अलग गांवों में कैंप लगाकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांचे करेंगी।