उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के थाना आंवला के दरोगा प्रवीण कुमार को एटीएम काट रहे बदमाशों ने जमकर पीटा और उसका हाथ तोड़ दिया। इसके बाद गोली मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। प्रवीण को मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दरोगा ब्रजपाल सिंह की ओर से एक महिला समेत तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आईजी रमित शर्मा और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने अस्पताल पहुंचकर दरोगा से घटना की जानकारी ली और उनका हाल जाना।
शामली में थाना बावरी के गांव खेड़ी बैरागी निवासी दरोगा प्रवीण कुमार आंवला थाने में तैनात हैं। मंगलवार रात करीब सवा दो बजे वह पुरैना से गश्त करते हुए कस्बा चौकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने मोहल्ला खेड़ा में भूमि विकास बैंक के एटीएम के बाहर एक व्यक्ति को मोबाइल पर बात करते देखा।
प्रवीण ने उससे रात में वहां खड़े होने का कारण पूछा तो उसने कहा कि दोस्त अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने आया है। उसका इंतजार कर रहा है। इस पर प्रवीण ने उसके दोनों मोबाइल ले लिए और उसे चौकी आने की कहकर अपनी बाइक से जाने लगा।