बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध निजी महाविद्यालयों में एमएससी की पढ़ाई से छात्र-छात्राओं का मोह भंग हो रहा है। बॉटनी के बाद रविवार को पूरी हुई एमएससी फिजिक्स/ एप्लाइड फिजिक्स में चौथाई सीटें भी नहीं भर सकी हैं।
बरेली और मुरादाबाद मंडल में रुहेलखंड विश्वविद्यालय से 500 से ज्यादा कॉलेज संबद्ध हैं। इन कॉलेजों में एमएससी में एडमिशन के लिए रुहेलखंड विश्वविद्यालय में इन दिनों काउंसलिंग चल रही है। फिजिक्स/एप्लाइड फिजिक्स में इन कॉलेजों में 1597 सीटें हैं। मगर शनिवार और रविवार की काउंसलिंग में इनमें से सिर्फ 351 सीटों पर ही छात्र-छात्राओं ने एडमिशन लिया है, जबकि दोनों ही दिन 400-400 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। सूत्रों का कहना है कि छात्र-छात्राएं काउंसलिंग में तो पहुंचते हैं, लेकिन निजी कॉलेज मिलता देख लौट जाते हैं। ऐसा ही बॉटनी/प्लांट साइंस की काउंसलिंग में हुआ। इसमें भी 1275 सीटों में सिर्फ 306 सीटें ही भर सकीं।
बरेली कॉलेज में आज होंगे वेटिंग लिस्ट के दाखिले
सोमवार आठ जुलाई को बरेली कॉलेज में पहली वेटिंग लिस्ट के अनुसार बीए और बीएससी प्रथम वर्ष में दाखिले होंगे। मेरिट इंडेक्स के अनुसार बीए के लिए ए ब्लॉक में 848-889, बी ब्लॉक में 890-934, सी ब्लॉक में 935-979 और डी ब्लॉक में 980-1021 रैंक तक के छात्र-छात्राओं को बुलाया गया है। बीएससी मैथ्स में 402-534 और बीएससी बायो में 327-417 रैंक तक के छात्र-छात्राओं को दाखिला दिया जाएगा। यहां बीकॉम की सीटें फुल होने के चलते उसमें प्रवेश बंद कर दिए गए हैं।